मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों का हुआ युक्तियुक्तकरण, जर्जर भवनों की जगह सुरक्षित भवनों में होगी मतदान की व्यवस्था

लैलूंगा में 7 और धरमजयगढ़ में 2 नए मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, रायगढ़ शहर के मतदान केंद्रों में भी हुआ बदलाव

रायगढ़, 2 नवम्बर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली ने रायगढ़ जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर आयोग ने 30 अक्टूबर 2026 को सहमति दी है। इस निर्णय के तहत जिले में 9 नए मतदान केंद्रों का गठन किया गया है, जबकि 13 मतदान केंद्रों के स्थल में बदलाव किया गया है। इसके अलावा कुछ मतदान केंद्रों के भवन एवं नामों में भी आवश्यक संशोधन किए गए हैं।
मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के लिए नजदीक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है। इससे विशेषकर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को मतदान के दौरान सुविधा मिलेगी।

लैलूंगा और धरमजयगढ़ में बनाए गए नए मतदान केंद्र

जिले में स्वीकृत 9 नए मतदान केंद्रों में लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में 7 तथा धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 2 मतदान केंद्र शामिल हैं। लैलूंगा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की अधिक दूरी और मतदाताओं की संख्या अधिक होने के कारण कोन्दाटिकरा, गोढ़ी, केंकराझरिया, बरडीह, बांधापाली, टांगरघाट एवं पाली में नए मतदान केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र में शाहपुर से तराईमार की लगभग 5 किलोमीटर दूरी को देखते हुए बुजुर्गों एवं महिलाओं की सुविधा के लिए प्राथमिक शाला तराईमार में नया मतदान केंद्र बनाया गया है। वहीं बैहामुड़ा से आश्रित ग्रामों की दूरी कम करने के उद्देश्य से पंडरीपानी में भी नया मतदान केंद्र स्वीकृत किया गया है।

रायगढ़ शहर के 13 मतदान केंद्रों के स्थलों में बदलाव

रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए 13 केंद्रों के स्थलों में बदलाव किया गया है। इनमें 8 मतदान केंद्रों के पुराने भवन ध्वस्त होने के कारण उन्हें नजदीकी शासकीय स्कूलों एवं अन्य शासकीय भवनों में स्थानांतरित किया गया है। ये केंद्र रामभांठा, मिठुमुड़ा, संत विनोबा नगर, सराईभद्दर एवं कबीर चौक क्षेत्र से संबंधित हैं। इसके अलावा 4 मतदान केंद्रों को पूर्व में मतदान केंद्र रहे सरदार वल्लभभाई पटेल उत्कृष्ट विद्यालय में पुनर्स्थापित किया गया है। वहीं एक मतदान केंद्र को मतदाताओं की सुविधा और निकटता को ध्यान में रखते हुए राजीव गांधी नगर माध्यमिक शाला में स्थानांतरित किया गया है।

लैलूंगा में 3 जर्जर मतदान केंद्र भवनों के स्थान बदले

लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के खेड़आमा, टटकेला एवं लमडांड स्थित मतदान केंद्रों के भवन अत्यधिक जर्जर होने के कारण उन्हें नजदीकी सुरक्षित भवनों में स्थानांतरित किया गया है। इसके तहत संबंधित मतदान केंद्रों को माध्यमिक शाला, आंगनबाड़ी केंद्र एवं उच्चतर माध्यमिक शाला में स्थापित किया जाएगा। इससे मतदाताओं को सुरक्षित भवनों में मतदान की सुविधा मिलेगी।

मतदान केंद्रों के नाम और अनुभागों में भी संशोधन

युक्तियुक्तकरण के तहत रायगढ़ शहर के 4 मतदान केंद्रों के नामों में भी संशोधन किया गया है। उप पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय का नाम परिवर्तित होकर क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला होने तथा अनाथालय प्राथमिक शाला का नाम श्री दुर्गा कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला किए जाने के कारण संबंधित मतदान केंद्रों के नाम अद्यतन किए गए हैं। धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 4 अनुभागों का पुनर्गठन किया गया है। इससे मतदाताओं की दूरी लगभग 6 किलोमीटर से घटकर 3 किलोमीटर रह जाएगी। इसके अलावा मतदान केंद्र क्रमांक 231 तरेकेला के एक अनुभाग का नाम कुड़ेकेला चोकपारा से संशोधित कर तरेकेला चोकपारा किया गया है। मतदान केंद्रों के इस युक्तियुक्तकरण से जिले के मतदाताओं को मतदान के लिए अधिक सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होंगे। नए मतदान केंद्रों के गठन, जर्जर भवनों के स्थान पर सुरक्षित भवनों की व्यवस्था तथा अनुभागों के पुनर्गठन से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *