टोकन जारी करने की प्रक्रिया, धान की गुणवत्ता जांच, ऑनलाइन निगरानी और खरीदी केंद्रों के संचालन की दी जाएगी जानकारी

रायगढ़, 27 अक्टूबर 2026/ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी वर्ष 2026-27 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा 29 अक्टूबर को अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर परिसर स्थित सृजन सभा कक्ष में सुबह 10.30 बजे से शुरू होने वाले इस प्रशिक्षण में धान खरीदी की प्रक्रिया, टोकन जारी करने, धान एवं चावल के उपार्जन की निगरानी और खरीदी केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य धान खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संचालित करना और खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है। इसमें राजस्व, सहकारिता, कृषि, खाद्य एवं विपणन विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे।

टोकन से लेकर धान की निगरानी तक की जानकारी

प्रशिक्षण के पहले सत्र में धान खरीदी की प्रक्रिया, टोकन जारी करने के नियम और धान एवं चावल के उपार्जन की निगरानी के लिए डैशबोर्ड ट्रैकिंग सिस्टम तथा कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही कोचिया और बिचौलियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए उड़नदस्ता दल की कार्यप्रणाली पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के अगले सत्र में टोकन जारी करने की प्रक्रिया, मानक आकार के स्टैक निर्माण, कंप्यूटर रिकॉर्डिंग, नमी जांच और बारदाना व्यवस्था की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा धान खरीदी केंद्रों के वित्तीय दायित्वों और केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी चर्चा होगी।

संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य

प्रशिक्षण में अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खाद्य विभाग के अधिकारी, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, जिला विपणन अधिकारी, अपेक्स बैंक के प्रतिनिधि, धान उपार्जन केंद्रों के नोडल अधिकारी, समिति प्रबंधक और डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण में उपस्थित होकर भाग लेना अनिवार्य किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *