रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ जिला रायगढ़ की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री किरण सिंह देव जी, भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) माननीय श्री पवन साय जी के मार्गदर्शन, भाजपा संभाग प्रभारी श्री रामू रोहरा जी एवं जिला प्रभारी श्री प्रशांत सिंह ठाकुर जी के निर्देशन, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक माननीय श्री सुभाष अग्रवाल जी तथा भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अरुण धर दीवान जी की अनुशंसा पर व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक श्री सर्वजीत सिंह सोनी द्वारा जिला पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों एवं मंडल संयोजकों की घोषणा की गई।

घोषित जिला कार्यकारिणी में युवा छात्र नेता मनोज अग्रवाल को जिला सह कोषाध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उनकी नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं, व्यापारियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

मनोज अग्रवाल लंबे समय से सामाजिक एवं छात्र हितों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों की समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से उठाया। छात्र हितों को लेकर वे निरंतर आंदोलन, धरना-प्रदर्शन एवं विभिन्न जन अभियानों का नेतृत्व करते रहे हैं। अपनी स्पष्टवादिता, निडर व्यक्तित्व एवं संघर्षशील कार्यशैली के कारण उन्होंने छात्र राजनीति में एक अलग पहचान बनाई।

कांग्रेस शासनकाल के दौरान छात्र हितों के आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाने के कारण उन पर जानलेवा हमला भी हुआ, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हुए। इसके अलावा उन पर कई प्रकरण दर्ज किए गए तथा छात्र हितों की आवाज बुलंद करने के कारण उन्हें लगभग 40 दिनों तक जेल में भी रहना पड़ा। इन सभी परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने संघर्ष का मार्ग नहीं छोड़ा और लगातार विद्यार्थियों के अधिकारों एवं जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे।

अब भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ में जिला सह कोषाध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने पर उनसे संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा व्यापारियों और समाज के विभिन्न वर्गों के हितों के लिए प्रभावी भूमिका निभाने की अपेक्षा की जा रही है। भाजपा नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया है कि मनोज अग्रवाल अपने अनुभव, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता से पार्टी को नई मजबूती प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *