पुलिस लाइन उर्दना में शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी की व्यवस्था
रायगढ़, 28 अक्टूबर 2026/ भारतीय थल सेना में अग्निवीर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए तैयार करने जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। पुलिस लाइन उर्दना, रायगढ़ में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सामान्य प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार करना है।
अग्निवीर भर्ती वर्ष 2026-27 के तहत रायगढ़ जिले के कुल 96 अभ्यर्थियों ने सामान्य प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की है। अब इन अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी का अवसर दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें परीक्षा के विभिन्न चरणों की तकनीकी जानकारी और आवश्यक अभ्यास कराया जाएगा, ताकि वे निर्धारित मापदंडों के अनुरूप अपनी तैयारी कर सकें।
अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा महत्वपूर्ण चरण है। इसमें सफलता के लिए नियमित अभ्यास और शारीरिक क्षमता का बेहतर होना आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों के लिए निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण की व्यवस्था की है। इससे युवाओं को परीक्षा की आवश्यकताओं को समझने और अपनी तैयारी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण का लाभ लेने अभ्यर्थियों से अपील
जिला रोजगार अधिकारी ने सामान्य प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी अभ्यर्थियों से निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर शारीरिक दक्षता परीक्षा की गंभीरता से तैयारी करें और भारतीय थल सेना में अग्निवीर बनने के अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरा प्रयास करें।
