रायगढ़ पुलिस
दिनांक: 27 अक्टूबर 2026

🚨 पीडीएस दुकानों में हो रही चोरी को लेकर पुसौर पुलिस ने शक्कर बोरियों में छिपाए GPS ट्रैकर

🚨 पुलिस के रेडार में आये आरोपियों ने GPS ट्रैकर लगी शक्कर बोरी की चोरी की, रातों-रात पुलिस टीम ने पत्थलगांव में आरोपियों को दबोचा

🚨 चावल-शक्कर चोर गिरोह में शामिल 4 चोर और 1 खरीददार को किया गया, गिरफ्तार

🚨 आरोपियों से 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर बरामद चोरी में प्रयुक्त क्रेटा और इनोवा समेत ₹38.60 लाख की संपत्ति जब्त

🚨 आरोपियों की गिरफ्तारी पर 3 अपराध का खुलासा- नकबजनी, संगठित अपराध की धाराओं पर कार्रवाई

 *रायगढ़ 27 अक्टूबर* ।  रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाकर चावल और शक्कर की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए रायगढ़ पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ग्राम नवापारा, कोडकेल और कोतमरा की शासकीय राशन दुकानों से चोरी की गई कुल 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर बरामद की है। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त क्रेटा और इनोवा कार सहित कुल ₹38.60 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपियों के विरुद्ध नकबजनी, चोरी की संपत्ति खरीदने तथा संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।

 जानकारी के अनुसार, पुसौर थाना क्षेत्र में इस वर्ष लगातार अलग-अलग गांवों की शासकीय राशन दुकानों में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। ग्राम औरदा से 15 बोरी चावल और 10 बोरी शक्कर, तड़ोला से 40 बोरी चावल, कवाहरिहा से 55 बोरी चावल और 8 बोरी शक्कर, चिखली से 20 बोरी चावल, बासनपाली से 44 बोरी चावल और 6 बोरी शक्कर, बोंडा से 42 बोरी चावल और 14 बोरी शक्कर, खोखरा से 30 बोरी चावल, कोटमर्रा से 40 बोरी चावल और 9 बोरी शक्कर, कोडोली से 55 बोरी चावल और 3 बोरी शक्कर, घुटकुपाली से 40 बोरी चावल और 6 बोरी शक्कर, कोटमर्रा से ही एक अन्य घटना में 32 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर, नवापारा से 28 बोरी चावल और 4 बोरी शक्कर तथा तिलगी से 22 बोरी चावल और 4 बोरी शक्कर चोरी होने की घटनाएं दर्ज की गई थीं। दिनांक 24 जुलाई 2026 को ग्राम पंचायत भवन कोंडपाली में हुई चोरी के मामले में अपराध क्रमांक 197/2026 तथा 15 सितंबर 2026 को ग्राम नवापारा की शासकीय उचित मूल्य दुकान में हुई चोरी के मामले में अपराध क्रमांक 238/2026, धारा 305(a), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही थी।

      लगातार हो रही चोरियों से परेशान सोसायटी संचालकों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह एवं थाना प्रभारी पुसौर से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी। एसएसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह ने घटनाओं का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपी तेज रफ्तार वाहनों से गांवों में पहुंचते थे और रात के समय राशन दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करने के बाद तत्काल फरार हो जाते थे। घटनाओं में समान तरीके का इस्तेमाल किए जाने से पुलिस को एक संगठित गिरोह की संलिप्तता का संदेह हुआ।

       चोरियों पर अंकुश लगाने के लिए थाना प्रभारी ने क्षेत्र के राशन दुकान संचालकों की बैठक लेकर दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सीसीटीवी कैमरों के साथ GPS ट्रैकर का उपयोग करने की सलाह दी। कई दुकानदारों के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाना खर्चीला था, इसलिए पुलिस ने उन्हें कम लागत वाले GPS ट्रैकर की उपयोगिता समझाई। इसके बाद कुछ संचालकों ने ऑनलाइन ट्रैकर मंगवाए। पुलिस की सलाह पर एक शक्कर की बोरी में GPS ट्रैकर छिपाकर रखा गया, क्योंकि घटनाओं के विश्लेषण में यह बात सामने आई थी कि चोर अक्सर पहले शक्कर की बोरियां उठाते थे।

          इसी बीच 25 और 26 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात ग्राम कोतमरा की शासकीय उचित मूल्य दुकान में चोरी हुई। आरोपी दुकान से ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी भी उठा ले गए, लेकिन उन्हें उसमें लगे GPS ट्रैकर की जानकारी नहीं थी। चोरी की सूचना पर थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 256/2026, धारा 305(a), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल आरोपियों की तलाश में जुट गए। GPS ट्रैकर के संकेतों का पीछा करते हुए पुलिस को आरोपियों के रायगढ़ से धरमजयगढ़ की ओर जाने की जानकारी मिली। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव और चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव की टीम भी शामिल हुई। संयुक्त टीम ट्रैकर के संकेतों के आधार पर पत्थलगांव पहुंची, जहां राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर के पास ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी मिली।

      पूछताछ में सेवाल कुजूर ने बताया कि मोहम्मद हफीज, समीर आलम, डमरूधर खूंटे और संतोष कुमार माहेश्वरी चोरी का माल बेचने के इरादे से उसके पास छोड़कर गए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने पत्थलगांव और आसपास के क्षेत्रों में दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक क्रेटा और एक इनोवा कार बरामद की गई, जिनमें चावल की बोरियां भरी हुई थीं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा पूर्व में भी चोरी का माल सेवाल कुजूर को बेचने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुसौर थाना क्षेत्र की तीन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई है। मामले में चोरी की संपत्ति खरीदने और संगठित होकर अपराध करने के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4), 111 और 3(5) भी जोड़ी गई हैं।

   पुलिस ने अब तक की कार्रवाई में कुल 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर, जिनकी अनुमानित कीमत ₹3,60,000 है, बरामद की है। चोरी में प्रयुक्त क्रेटा और इनोवा कार की अनुमानित कीमत ₹35 लाख आंकी गई है। इस प्रकार कुल ₹38.60 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार पत्थलगांव से सीतापुर तक सक्रिय अन्य समूहों से भी जुड़े हो सकते हैं। इस संबंध में आगे जांच की जा रही है तथा अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश

   *“शासकीय राशन दुकानों पर चोरी को रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सूझबूझ में खुलासा किया है । चोरी करने वाले संगठित गिरोहों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। अपराधियों की धरपकड़ के साथ चोरी की संपत्ति की बरामदगी और अपराध में सहयोग करने वालों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस और आम नागरिकों के बीच समन्वय तथा आधुनिक तकनीक का उपयोग महत्वपूर्ण है।”*

गिरफ्तार आरोपी:

  1. सेवाल कुजूर, पिता फिरन कुजूर, उम्र 52 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 08, रायगढ़ चौकी कोतबा, जिला जशपुर; हाल मुकाम मुड़ापारा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।
  2. समीर आलम, पिता महमूद आलम, उम्र 26 वर्ष, निवासी कनकपुर, थाना रामानुजगंज, जिला बलरामपुर।
  3. मोहम्मद हफीज, पिता मोहम्मद हनीफ, उम्र 26 वर्ष, निवासी शांतिनगर तिलडेगा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।
  4. संतोष कुमार माहेश्वरी, पिता कार्तिकराम माहेश्वरी, उम्र 33 वर्ष, निवासी गोढ़ीकेला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर।
  5. डमरूधर खूंटे, पिता रामाधार खूंटे, उम्र 36 वर्ष, निवासी गोढ़ीकेला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर। प्रकरण में विवेचना जारी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी श्री अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन पर प्रकरण का खुलासा करने में नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल उइके के सुपरविजन पर थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, थाना प्रभारी घरघोड़ा कुमार गौरव साहू, चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द इगेश्वर यादव, थाना पुसौर के उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक डोल नारायण साव, प्रधान आरक्षक श्यामलाल महंत, अमित तिर्की, आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा, रामचरण खांडेकर, ठंडाराम गुप्ता, दिलीप सिदार की अहम भूमिका रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *