वार्ड क्रमांक 41 के तुर्कामुड़ा मोहल्ले में सड़क निर्माण की जांच के आदेश, महापौर ने आयुक्त को लिखा पत्र
रायगढ़। शहर के वार्ड क्रमांक 41 स्थित तुर्कामुड़ा मोहल्ले में करीब 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित लगभग एक किलोमीटर लंबी सीसी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। सड़क की परत कई स्थानों पर उखड़ने लगी है, वहीं निर्माण में निर्धारित मोटाई का पालन नहीं किए जाने की शिकायत भी सामने आई है। शुरुआती महीनों में ही सड़क की खराब होती स्थिति से मोहल्लेवासियों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान ही गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई गई थी, लेकिन संबंधित जिम्मेदारों ने शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया। अब सड़क के कई हिस्सों में परत उखड़ने और धंसने की स्थिति सामने आने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क की ऐसी स्थिति चिंताजनक है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क का निर्माण आरएच कंस्ट्रक्शन के शत्रुघ्न मिश्रा द्वारा कराया गया था। मामले को लेकर क्षेत्रीय पार्षद ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद महापौर ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। इस संबंध में महापौर ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने और जल्द आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
अब नगर निगम की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं। जांच में सड़क की वास्तविक मोटाई, निर्माण में उपयोग की गई सामग्री और निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि निर्माण में अनियमितता पाई जाती है, तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग भी उठ सकती है। फिलहाल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सड़क की खराब गुणवत्ता के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
