- भव्य ‘गंगा आरती’ के स्वरूप में महा आरती से माता की, की गई आराधना
रायगढ़। खड़्ग धारिणी गरबा उत्सव का रविवार को अद्वितीय दिवस बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। संस्कारधानी रायगढ़ की पावन धरा पर आयोजित इस उत्सव में नारी शक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। उत्सव के इस विशेष अवसर पर 1500 से अधिक बालिकाओं और मातृशक्तियों ने पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर एक ही प्रांगण में एक लय और एक ताल के साथ गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। भक्ति संगीत और डांडिया की खनक के बीच मातृशक्ति की इस विराट सहभागिता ने पूरे वातावरण को भक्ति और ऊर्जा से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि में सभापति डिग्री लाल साहू एवं जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे । आज के कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अनीता अग्रवाल रही जोकि स्कूल की संचालिका हैं एवं अग्रवाल समाज की सक्रिय समाज सेविका है।
आयोजन को और अधिक दिव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए रात्रि ठीक 9:00 बजे से विशेष ‘गंगा आरती’ के स्वरूप में भव्य महा आरती से मा आदिशक्ति की आराधना की गई ।काशी की तर्ज पर होने वाली इस महाआरती में सैकड़ों दीप प्रज्वलित किए गए।
संचालन समिति की ओर से व्यवस्थाओं को सुचारू और अनुशासित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु सुगमतापूर्वक उत्सव का आनंद ले सकें।
