ग्राम साल्हेपाली के विजय महंत ने घर बैठे बनवाया आय प्रमाण पत्र, डिजिटल व्यवस्था से बचा समय और धन

रायगढ़, 27 जून 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा संचालित सेवा सेतु पोर्टल आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और सुगम शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। जिले के विकासखंड घरघोड़ा के ग्राम साल्हेपाली निवासी विजय कुमार महंत ने बताया कि पहले आय प्रमाण पत्र सहित अन्य शासकीय दस्तावेज बनवाने के लिए उन्हें कई बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी।
सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने नजदीकी लोक सेवा केन्द्र (सेवा-सेतु केन्द्र) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी हुई और उनका आय प्रमाण पत्र शीघ्र जारी हो गया। विजय महंत ने बताया कि अब शासकीय सेवाओं के लिए अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ती। समय पर सेवाएं मिलने से न केवल समय की बचत हुई, बल्कि आर्थिक व्यय भी कम हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित इस जनहितकारी पहल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु पोर्टल ने सरकारी सेवाओं तक आम नागरिकों की पहुंच को आसान बना दिया है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए यह व्यवस्था काफी लाभकारी सिद्ध हो रही है, जिससे आवश्यक दस्तावेज समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो रहे हैं।

442 डिजिटल सेवाओं के साथ और सशक्त हुआ सेवा-सेतु केन्द्र

  प्रदेश में डिजिटल सेवाओं का दायरा बढ़ाते हुए राज्य शासन ने लोक सेवा केन्द्रों को नया स्वरूप प्रदान किया है। अब प्रदेश के सभी लोक सेवा केन्द्र 'सेवा-सेतु केन्द्र' के नाम से संचालित किए जा रहे हैं। इन केन्द्रों के माध्यम से नागरिकों को पहले की तुलना में कहीं अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। राज्य शासन के निर्णय के अनुसार पहले जहां लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से 73 सेवाएं उपलब्ध थीं, वहीं अब इनकी संख्या बढ़ाकर 442 सेवाएं कर दी गई है। शासन का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। सेवा-सेतु केन्द्रों के विस्तार से आम नागरिकों को दस्तावेजों एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है और प्रदेश में डिजिटल सुशासन को नई गति मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *