Site icon दो कदम आगे

एसईसीएल रायगढ़ क्षेत्र में विशेष अभियान 6.0 एवं राजभाषा पखवाड़ा-2026 का गरिमामय समापन

रायगढ़, 02 नवंबर 2026। एसईसीएल, रायगढ़ क्षेत्र के क्षेत्रीय मुख्यालय में आज विशेष अभियान 6.0 एवं राजभाषा पखवाड़ा-2026 का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।
समारोह में महाप्रबंधक (संचालन), रायगढ़ क्षेत्र श्री अनुराग शेखर दुबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, क्षेत्रीय वित्त प्रबंधक श्री बोरा सुंदर एवं स्टाफ अधिकारी (मा.स.) श्री ए.डी. टंडन ने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सफाई मित्र को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यस्थल तथा परिवेश के निर्माण में उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं सतत योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, विशेष अभियान 6.0 एवं राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं रचनात्मक गतिविधियों के प्रतिभागियों तथा विजेताओं को भी पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, वेस्ट-टू-आर्ट (अपशिष्ट से कलाकृति निर्माण), आलेख लेखन, हिंदी पत्र लेखन एवं टिप्पणी लेखन सहित विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें एसईसीएल के कर्मचारियों के साथ-साथ डीएवी स्कूल छाल एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चक्रधर नगर, रायगढ़ के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री अनुराग शेखर दुबे ने सभी प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता, उत्साह एवं रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वच्छता किसी विशेष अभियान अथवा आयोजन तक सीमित रहने वाली गतिविधि नहीं है, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति के दैनिक जीवन एवं कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों तथा दैनिक प्रशासनिक गतिविधियों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने एवं राजभाषा नीति के प्रभावी अनुपालन हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि एसईसीएल, रायगढ़ क्षेत्र में क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री मनोज कुमार के सतत मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में विशेष अभियान 6.0 का आयोजन दिनांक 02 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा राजभाषा पखवाड़ा-2026 का आयोजन दिनांक 14 सितंबर से 29 सितंबर 2026 तक किया गया। इन अभियानों के अंतर्गत स्वच्छता, कार्यालयीन कार्यप्रणाली में सुधार, पर्यावरण संरक्षण एवं राजभाषा हिंदी के व्यापक प्रचार-प्रसार से संबंधित विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं।
समारोह में एसईसीएल, रायगढ़ क्षेत्र के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारीगण, विभिन्न श्रम संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यालयों के शिक्षकगण तथा छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन प्रबंधक (मा.स.) श्री जे.के. दुबे द्वारा किया गया।

Exit mobile version