एक दीप साक्षरता का’ अभियान के जरिए लोगों को शिक्षा के प्रति किया जाएगा जागरूक
रायगढ़, 3 नवम्बर 2026/ छत्तीसगढ़ को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए रायगढ़ जिले में उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत दीपावली की पूर्व संध्या पर ‘एक दीप साक्षरता का’ विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से जिले के गांवों और शहरी क्षेत्रों में दीपावली के दीपों के साथ साक्षरता का दीप जलाकर शिक्षा के महत्व का संदेश दिया जाएगा। दीपावली से ठीक एक दिन पहले शाम 6.30 बजे से 7.30 बजे तक जिले के शासकीय विद्यालयों, छात्रावासों, विकासखंड कार्यालयों एवं उल्लास साक्षरता केंद्रों में दीप प्रज्ज्वलन कर साक्षरता की शपथ ली जाएगी।
कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मयंक चतुर्वेदी ने अभियान के सफल आयोजन के लिए जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के तहत विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के माध्यम से गणमान्य नागरिकों से अपील जारी की जाएगी। इसके माध्यम से आम नागरिकों से दीपावली के अवसर पर एक दीप साक्षरता के नाम जलाने तथा अपने आसपास के निरक्षर वयस्कों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करने का आह्वान किया जाएगा। वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा बीआरसी, एबीओ, संकुल समन्वयकों, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों तथा ग्राम एवं वार्ड प्रभारियों के साथ यू-ट्यूब के माध्यम से वेबिनार आयोजित किए जाएंगे। अभियान को गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचाने में शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। संकुल समन्वयकों, ग्राम प्रभारियों एवं वार्ड प्रभारियों के माध्यम से उल्लास एप पर पंजीकृत स्वयंसेवी शिक्षकों और असाक्षर व्यक्तियों को अभियान से जोड़ा जाएगा। स्वयंसेवी शिक्षक लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करेंगे तथा निरक्षर वयस्कों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करेंगे।
इसके साथ ही जिले में आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रमों के फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर #ULLAS Dipawali #Sakshar Chhattisgarh हैशटैग के साथ साझा किए जाएंगे। समाचार पत्रों के माध्यम से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने तथा गतिविधियों की जानकारी फोटोग्राफ्स सहित जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इस पहल के माध्यम से रायगढ़ जिले में दीपावली के पर्व को शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जोड़ते हुए प्रत्येक नागरिक को साक्षरता के इस अभियान में सहभागी बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जिले को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।

