विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम के समन्वय से सफल हुए ऑपरेशन
रायगढ़, 2 नवम्बर 2026/ मातृ एवं शिशु अस्पताल के स्त्री रोग विभाग में तीन महिलाओं की बच्चेदानी निकालने की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की गई। तीनों महिलाएं बच्चेदानी से संबंधित अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थीं। इनमें बच्चेदानी में गांठ एवं बच्चेदानी की अंदरूनी परत में असामान्य वृद्धि के मामले शामिल थे। चिकित्सकों की टीम ने आवश्यक जांच एवं चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों महिलाओं का ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ जटिल समस्याओं के उपचार और आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम भी दिखाई दे रहे है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने कहा कि एमसीएच में एक साथ तीन जटिल ऑपरेशन का सफलतापूर्वक संपन्न होना चिकित्सकीय सेवाओं की उपलब्धता और टीम के सामूहिक प्रयास को दर्शाता है। बच्चेदानी में गांठ और अन्य असामान्य समस्याओं के कारण महिलाओं को कई बार गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में समय पर जांच, उचित चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यकतानुसार सर्जरी से मरीजों को राहत मिल सकती है।
सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल ने बताया कि सभी ऑपरेशन स्त्री रोग विशेषज्ञों, एनेस्थीसिया टीम, मेडिकल ऑफिसर, ओटी एवं वार्ड स्टाफ के आपसी समन्वय से संपन्न किए गए। एमसीएच इंचार्ज डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि इस तरह की सर्जरी में ऑपरेशन करने वाले चिकित्सकों के साथ एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और नर्सिंग स्टाफ की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है। पूरी टीम ने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
सर्जरी में शामिल चिकित्सकीय टीम
तीनों ऑपरेशन में सर्जन के रूप में डॉ. दिशा ठाकुर क्षत्रिय एवं डॉ. उपमा पटेल शामिल रहीं। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. उषा भगत एवं डॉ. घनिष्ठा तथा मेडिकल ऑफिसर के रूप में डॉ. रामाशंकर ने अपनी सेवाएं दीं। इसी प्रकार ऑपरेशन थिएटर में लता मेहर, जैसिंटा एवं गुड्डी सिस्टर तथा वार्ड में प्रधान सिस्टर, शारदा सिस्टर एवं अंशु सिस्टर ने मरीजों की देखभाल एवं उपचार प्रक्रिया में सहयोग दिया। जिला चिकित्सालय प्रबंधन ने सफल सर्जरी में योगदान देने वाले सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना की।

