Site icon दो कदम आगे

जिले में 27 से 29 अक्टूबर तक भारी बारिश की आशंका, प्रशासन अलर्ट

कलेक्टर ने सभी विभागों को सतर्क रहने के दिए निर्देश, निचले इलाकों में राहत और बचाव की तैयारी रखने को कहा

रायगढ़, 25 अक्टूबर 2026// चक्रवात के प्रभाव से जिले में 27 से 29 अक्टूबर तक भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और जरूरी तैयारियां रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता जनहानि रोकना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

24 घंटे चालू रहेंगे कंट्रोल रूम

जिला और तहसील स्तर पर आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अलर्ट रहेंगे। बिना अनुमति कोई भी अधिकारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा।

निचले इलाकों में रहेगी निगरानी

नगर निगम, पंचायत और राजस्व विभाग को जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान करने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया है। राहत शिविर तैयार रखने के साथ बचाव दलों को नाव, लाइफ जैकेट और अन्य जरूरी उपकरणों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

बांधों, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं पर नजर

जल संसाधन विभाग बांधों और जलाशयों के जलस्तर की लगातार निगरानी करेगा। पानी छोड़ने की स्थिति में निचले क्षेत्रों के लोगों को समय रहते सूचना दी जाएगी। बिजली विभाग को आपूर्ति बाधित होने पर जल्द बहाली के लिए अतिरिक्त टीमें तैयार रखने और स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में दवाइयां, एम्बुलेंस तथा मेडिकल टीम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

नदी-नालों के पास जाने से बचें

प्रशासन ने लोगों को आकाशीय बिजली और भारी बारिश से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। नदी, नालों और रपटों पर पानी होने पर आवागमन रोकने के लिए पुलिस और राजस्व विभाग को समन्वय से काम करने को कहा गया है।कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version