शासन की योजनाओं व युवा हितैषी पहल पर हुई चर्चा, खेल और कला प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
युवाओं की प्रतिभा, विचारों और रचनात्मक ऊर्जा को देश-प्रदेश के विकास से जोड़ने आयोजित हुआ युवा उड़ान कार्यक्रम
रायगढ़, 23 अक्टूबर 2026/ युवाओं की प्रतिभा, विचारों और रचनात्मक ऊर्जा को देश-प्रदेश के विकास से जोड़ने तथा विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को रायगढ़ में ‘युवा उड़ान 2026’ का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में पंजरी प्लांट स्थित संत बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरूआत मां शारदा, छत्तीसगढ़ महतारी एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र के सामने विधिवत दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, विचारों और रचनात्मक ऊर्जा को देश-प्रदेश के विकास से जोड़ना ‘युवा उड़ान 2026’ का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने विकसित भारत के लिए युवा शक्ति का योगदान का जिक्र करते हुए कहा जब तक युवा अपने कंधे पर देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी नहीं लेगा, तब तक विकसित भारत का सपना पूरा नहीं होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि युवा सिर्फ नौकरी मांगने वाला न बने, बल्कि नौकरी देने वाला, स्टार्टअप वाला, इनोवेशन वाला बने। यह कार्यक्रम बीजापुर से शुरू होकर बलरामपुर तक प्रदेश के सभी 33 जिलों में आयोजित किया जा रहा है। रायगढ़ में भी बड़ी संख्या में युवाओं ने इसमें भाग लिया।
अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से युवाओं के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की जा रही है। साथ ही युवाओं से यह भी जाना जा रहा है कि उनकी अपेक्षाएं क्या हैं और उनके हित में कौन से नए कदम उठाए जाने चाहिए। सकारात्मक वातावरण में हो रहे इस संवाद से युवाओं को अपनी बात रखने और विकास से जुड़े विषयों पर सुझाव देने का अवसर मिल रहा है। युवाओं की ऊर्जा को नई दिशा देकर उन्हें विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। श्री अरुणधर दीवान ने कहा कि युवा उड़ान सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सोच है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कलेक्टर पद छोड़कर युवा नेतृत्व का जो उदाहरण पेश किया, वह आज रायगढ़ में दिख रहा है। शिक्षा, खेल, लाइब्रेरी, नालंदा परिसर-ये सब युवा शक्ति के लक्ष्य को साधने वाले काम हैं। युवा का लक्ष्य सिर्फ सरकारी नौकरी नहीं होना चाहिए। युवा का लक्ष्य होना चाहिए। एक स्किल्ड, आत्मनिर्भर और राष्ट्र प्रथम की भावना वाला नागरिक बनना है। छत्तीसगढ़ सरकार युवा आयोग के माध्यम से युवाओं को मंच दे रही है।
योजनाओं और विकास के विषयों पर चर्चा
कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं, युवा हितैषी पहल और उपलब्धियों पर चर्चा की गई। विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत 2047, ‘एक देश-एक चुनाव’ तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। युवाओं ने सवाल पूछकर और सुझाव साझा कर संवाद में भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों एवं निष्कर्षों का प्रतिवेदन तैयार कर आगामी नीतिगत क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग को भेजने की रूपरेखा भी शामिल है। इससे युवाओं की आकांक्षाओं को विकास से जुड़े निर्णयों में स्थान देने में मदद मिलेगी।
खेल और कला प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में शासकीय किरोड़ीमल कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सामाजिक विषयों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। वहीं सुश्री निहारिका यादव ने कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। युवाओं की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित सम्मान समारोह में राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार से सम्मानित श्री अमन तिवारी तथा कला के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने वाली सुश्री निहारिका यादव को सम्मान चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान, श्री अरुणधर दीवान, श्री सुमित शर्मा, श्री दीपेश सोलंकी, श्री पावन अग्रवाल, श्री प्रवीण द्विवेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं नगर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री महेश पटेल, सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्रीमती प्रतिमा सागर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्यामानंद साहू सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

